Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ जबरदस्त गेंदबाजी के लिए तारीफ की। पड्डिकल ने कहा कि पहले छह ओवरों में उन्होंने जो दबाव बनाया, उससे मैच का मिजाज तय हो गया।
हेजलवुड के 12 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि भुवी ने 5 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत आरसीबी ने डीसी को 75 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद आरसीबी ने 81 गेंदें शेष रहते ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जोड़ी ने पावर-प्ले में तीन-तीन विकेट लेकर यह सुनिश्चित किया कि डीसी शुरुआती झटकों से कभी उबर ही न पाए।
मैच खत्म होने के बाद पडिक्कल ने कहा, "मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने उन पहले छह ओवरों में गेंदबाजी की, उसे देखना बहुत शानदार था। ये दोनों नई गेंद के साथ बहुत अच्छे हैं। जब दोनों छोर से ऐसी गेंदबाजी हो रही हो, तो मुझे लगता है कि बल्लेबाजी करने वाली टीम पर बहुत ज्यादा दबाव होता है। आज यह साफतौर पर देखने को मिला।"