भारत ने शुक्रवार को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर खेले गए खिताबी मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 1 विकेट से रोमांच जीत हासिल करते हुए मेंस अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता। फाइनल मैच में 58 रन जड़ने वाले आर्यवीर सहवाग टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 5 मुकाबलों में 90.25 की औसत के साथ 361 रन बनाए। उनके कोच राजू शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ इस खिताबी जीत को बड़ी उपलब्धि बताया है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने उस्मान खान (107) की शतकीय पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। इस दौरान अब्दुल कादिर ने 80 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से काव्य पटेल ने सर्वाधिक 4, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट निकाले।
इसके जवाब में भारत ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। इस पारी में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रन की पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए। इनके अलावा मनल चौहान ने 47 रन और अंतिम गेंद पर विजयी चौका जड़ने वाले मोहित उल्वा ने नाबाद 49 रन जुटाए।