Asia Cup: भारतीय टीम गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 का 'सेमीफाइनल-1' खेलेगी, जिसे जीतने वाली टीम 13 सितंबर को खिताबी मैच में उतरेगी। ग्रुप-ए में टॉप पर रहने वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में पसंदीदा टीम के तौर पर उतरी है। हालांकि, उसकी बैटिंग लाइन-अप में कभी-कभी कमजोरी नजर आई है, जिसका बांग्लादेश पूरा फायदा उठाना चाहेगा।
भारतीय महिला टीम की निगाहें रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप खिताब जीतने पर हैं। 'विमेन इन ब्लू' ने अब तक 4 बार वनडे फॉर्मेट में इस खिताब को जीता है, जबकि टी20 प्रारूप में तीन बार टीम इंडिया चैंपियन बन चुकी है।
भारत ने भले ही इस संस्करण के शुरुआती तीनों मुकाबलों में जीत हासिल की है, लेकिन थाईलैंड के विरुद्ध 108 के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवाने के बाद टीम का 9वां विकेट सिर्फ 137 रन पर गिर गया था, जिसने बल्लेबाजी में कमी को उजागर किया है।