विमेंस एशिया कप: शेफाली का तूफानी अर्धशतक, सेमीफाइनल में भारत का बांग्लादेश को 150 रन का टारगेट (विमेंस एशिया कप: शेफाली का तूफानी अर्धशतक, सेमीफाइनल में भारत का बांग्लादेश को 150 रन का टारगेट)
भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जारी विमेंस एशिया कप के 'सेमीफाइनल-1' में बांग्लादेश को जीत के लिए 150 रन का टारगेट दिया है। दोनों टीमें इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए फाइनल में पहुंचना चाहेंगी, जो 13 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाना है।
गुरुवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना कैच आउट होकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने भारत के खाते में सिर्फ 2 रन का योगदान दिया।
इसके बाद शेफाली वर्मा ने प्रतिका रावल के साथ मोर्चा संभाला। इस जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की। प्रतिका 24 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 20 रन बनाकर आउट हुईं।