आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस कप ट्रॉफी 2026 में शुक्रवार को श्रीलंका, बांग्लादेश, आयरलैंड और पाकिस्तान ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। श्रीलंका और पाकिस्तान शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर अपने-अपने ग्रुप की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर हैं। आइए, शुक्रवार को खेले गए सभी चार मुकाबलों के नतीजों के बारे में जानते हैं।
श्रीलंका बनाम स्कॉटलैंड: अजमान स्थित कारवान क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले को श्रीलंका ने 4 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने डार्सी कार्टर (62) के अर्धशतक की मदद से किसी तरह 111/8 का स्कोर बनाया। इसके जवाब में श्रीलंका ने 18.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। श्रीलंकाई खेमे से विष्मी गुणरत्ने ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, जबकि कप्तान हर्षिता समरविक्रमा ने 24 रन की पारी खेली। स्कॉटलैंड की तरफ से अबताहा मकसूद ने 3 विकेट झटके।
आयरलैंड बनाम यूएई: आयरलैंड ने अजमान स्थित सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले को 61 रन से अपने नाम किया। एमी हंटर (29) ने कप्तान गैबी लुईस (71) के साथ पहले विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी। इसके जवाब में यूएई की टीम कप्तान ईशा ओझा (51) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी।