आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वहीं, नीदरलैंड्स ने थाईलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की। पापुआ न्यू गिनी को स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अजमान के करवां क्रिकेट ग्राउंड में बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निगार सुल्ताना ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि शोर्ना अख्तर 20 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में तूबा हसन ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि नाशरा संधू ने 2 विकेट अपने नाम किए। मोमिना रियासत और उम्म-ए-हानी ने एक-एक विकेट चटकाया।
पाकिस्तान ने 109 रनों के लक्ष्य को 15.5 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से सदाफ शमास ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 रनों का योगदान दिया। वहीं, कप्तान मुनीबा अली 31 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि आयशा जफर भी 18 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद रहीं। शवाल जुल्फिकार ने 6 गेंदों में 16 रन बनाए।