रविवार को महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर विश्व चैंपियन बनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। टीम के लिए एक रंग की गाड़िया विशेष रूप से मंगाई गई थी, जो विशेष विमान के आगे चल रही थीं। सबसे आगे की गाड़ी पर तिरंगा लहरा रहा था। भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने केक काटा। उनके आस-पास टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के साथ एयरपोर्ट के अधिकारी मौजूद थे। सभी खिलाड़ियों का बुके देकर स्वागत किया गया।
विश्व चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और इनाम राशि मिलने का दौर जारी है। खिताब जीतने के ठीक बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्रियों, राज्य के मुख्यमंत्रियों, पूर्व क्रिकेटरों और समाज के हर क्षेत्र के लोगों ने बधाई दी। राज्य सरकारें विश्व कप की टीम में शामिल अपने खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा कर रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य की खिलाड़ी क्रांति गौड़ के लिए 1 करोड़ की इनामी राशि की घोषणा की है।