England Women Test Match: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज बन गई हैं। यास्तिका ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर जारी टेस्ट मैच में भारत की दूसरी पारी के दौरान 113 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 158 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके लगाए। यह लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा पहला महिला टेस्ट मैच है।
यास्तिका टेस्ट की तीसरी या चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाज भी बन गई हैं। वह इस मामले में पहली शतकवीर भी हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर संध्या अग्रवाल हैं, जिन्होंने साल 1985 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध लखनऊ के मैदान पर 98 रनों की पारी खेली थी। इससे पहले, संध्या साल 1984 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 83 रन बना चुकी थीं।
यास्तिका ऐसी दूसरी बाएं हाथ की भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स में टेस्ट शतक लगाया है। इस लिस्ट में उनके अलावा, सौरव गांगुली का नाम है, जिन्होंने साल 1996 में अपने डेब्यू मैच में 131 रन की पारी खेली थी।