Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की ओर से कैमरून ग्रीन ने इस मुकाबले में गेंदबाजी नहीं की। इसको लेकर जब कप्तान अजिंक्य रहाणे से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस बात का जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मांगने की सलाह दी।
कैमरून ग्रीन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने 10 गेंदों में एक चौके एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए। हालांकि, मुंबई के बल्लेबाजों की शानदार बैटिंग के बावजूद कैमरून ग्रीन को गेंदबाजी अटैक पर नहीं लगाया गया।
मैच के बाद ग्रीन के गेंदबाजी ना करने का कारण पूछा गया, जिसके जवाब में रहाणे ने कहा, "आपको यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए।" रहाणे ने उम्मीद जताई कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी करना शुरू करेंगे, जिससे टीम के गेंदबाजी अटैक का संतुलन बेहतर होगा। उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू कर देंगे और कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग होगा। हमने बहुत अच्छी बैटिंग की, लेकिन गेंद के साथ संतुलन बनाना बहुत जरूरी है।" केकेआर ने ग्रीन को ऑक्शन में 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।