टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाहर हुई पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित पाकिस्तान टीम से बाबर आजम, फखर जमान और नसीम शाह जैसे खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। वहीं अब टेस्ट फॉर्मेट के लिए पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को कोच बनाए जाने की चर्चा है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड सरफराज अहमद के जूनियर टीम के साथ किए गए काम से संतुष्ट है और उन्हें टेस्ट टीम की कोचिंग सौंपने को तैयार है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरफराज भी इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं।
सूत्रों ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सरफराज से टेस्ट टीम के हेड कोच का पद संभालने के लिए बात की है, और वह शान मसूद के साथ कप्तान के तौर पर काम करने के लिए सहमत हो गए हैं, क्योंकि दोनों अच्छे दोस्त हैं और पिछली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान को अपना नौवां स्थान सुधारने में मदद कर सकते हैं।"