पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ बुधवार को वॉर्मस्ली में खेले गए चौथे यूथ वनडे मैच में 200 रन से दमदार जीत हासिल की। इसी के साथ पाकिस्तान ने चार मुकाबलों की सीरीज 3-1 से अपने नाम की।
इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ एकमात्र यूथ टेस्ट मैच 10 रन से गंवाने के बाद पाकिस्तान ने वनडे सीरीज का पहला मैच 177 रन से जीता था। इसके बाद अगले मुकाबले को 122 रन से अपने नाम किया। हालांकि, तीसरा मैच इंग्लैंड अंडर-19 ने 2 रन से करीबी अंतर से जीता, लेकिन अंतिम मुकाबले में पाकिस्तान ने बड़ी जीत हासिल करते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
बुधवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 350 रन बनाए। उस्मान खान ने जहांगीर बिलाल के साथ पहले विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी की। जहांगीर 81 गेंदों में 13 चौकों के साथ 79 रन बनाकर आउट हुए।