Yuvraj Singh: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने गुरुवार को स्पेन में कार दुर्घटना में पुर्तगाल और लिवरपूल के फारवर्ड डियोगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की दुखद मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवराज ने लिखा, "विश्वास नहीं हो रहा कि डियोगो चले गए। वह एक ऐसे खिलाड़ी थे, जो हर बार मैदान पर उतरते ही खेल को जीवंत कर देते थे। अब तक के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में एक। दुर्घटना में उनके भाई का भी निधन हो गया। उनके जानने वालों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले। परिवार के प्रति संवेदना।"
यह दुर्घटना स्पेन के जमोरा प्रांत में स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:30 बजे हुई। स्पेन की पुलिस के अनुसार, जोटा की कार किसी दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश में सड़क से उतर गई। टायर फटने के कारण कार का नियंत्रण खो गया और उसमें आग लग गई। जोटा और उनके भाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।