T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिम्बाब्वे के क्रिकेट इतिहास के लिए बेहद खास रहा है। मगर यहां तक का सफर इस देश के लिए आसान नहीं रहा है। 18 अप्रैल 1980 को यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) से आधिकारिक स्वतंत्रता मिलने के बाद जिम्बाब्वे ने जुलाई 1981 में आईसीसी के एसोसिएट सदस्य के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रवेश किया था।
साल 1983 में जिम्बाब्वे ने पहली बार वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया और अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया को मात देकर सभी को चौंकाया, तब से 1992 तक इस टीम ने 3 विश्व कप खेले। साल 1992 में इस टीम को पूर्ण सदस्य का दर्जा मिल गया था।
साल 1994-95 में अपने 11वें टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे ने पहली जीत दर्ज कर ली। हालांकि, अगली जीत के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस टीम ने 1998-99 में हरारे में भारत को रोमांचक मुकाबले में मात दी थी। इसके तुरंत बाद जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को पेशावर में मात देकर पहली बार घर से बाहर टेस्ट सीरीज अपने नाम की। इससे पहले, 1996/97 में इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे का दौरा किया, जहां 0-3 से सीरीज गंवा दी।