भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में कई इतिहास रच दिए। इस जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए और कई सवालों के जवाब दिए।
इस दौरान उन्होंने इस टी-20 वर्ल्ड कप में जीत के बाद रिटायरमेंट की अटकलों को भी खारिज कर दिया और बताया कि उनका अगला मकसद LA 2028 ओलंपिक में गोल्ड मेडल और टी-20 वर्ल्ड कप 2028 जीतना होगा। कुछ लोगों का मानना था कि सूर्या इस जीत के बाद रिटायरमेंट ले लेंगे लेकिन उन्होंने उन सभी अफवाहों को खत्म कर दिया।
सूर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से कहा, “ज़ाहिर है, पिछले एक महीने में ये एक शानदार सफ़र रहा है। हालांकि ये उस तरह से शुरू नहीं हुआ जैसा हम चाहते थे, लेकिन ये खेल का हिस्सा है। आज तक का पूरा सफ़र बहुत खास रहा है और एक टीम के तौर पर मिलकर, हमने जो हासिल किया है, मुझे लगता है कि वो आपके सामने है। इसलिए मैं इससे बहुत खुश हूं।”