विश्व के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट में तकनीक और अपनी स्वाभाविक सूझबूझ के बीच सही संतुलन बनाने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि तकनीक को खिलाड़ी की तैयारी में मददगार होना चाहिए, न कि मैदान पर उनके स्वाभाविक फैसलों में रुकावट डालने वाली चीज।
तेंदुलकर रविवार को मुंबई में आयोजित 'इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग' (आईएसपीएल) सीजन 4 की खिलाड़ियों की नीलामी में मौजूद थे। वे आईएसपीएल की कोर कमेटी के सदस्य भी हैं। नीलामी के दौरान, 'मास्टर ब्लास्टर' ने युवा क्रिकेटर्स को कुछ अहम सुझाव दिए।
तेंदुलकर ने कहा, "तकनीक को मददगार होना चाहिए, न कि ध्यान भटकाने वाली चीज। अभ्यास के दौरान इसका इस्तेमाल करें, लेकिन जब आप मैदान पर खेलने उतरें, तो अपनी स्वाभाविक सूझबूझ पर भरोसा रखें और अपने अवचेतन मन को काम करने दें। क्रिकेट में, जब कोई गेंदबाज गेंद डालने के लिए दौड़ता है, तो बल्लेबाज के पास सोचने के लिए बहुत कम समय होता है। आपके पास अपनी गेम प्लान हो सकती है, लेकिन मैदान पर उतरने के बाद, दिमाग को शांत रखना और अपनी स्वाभाविक प्रतिक्रिया पर भरोसा करना जरूरी है। तकनीक एक हद तक आपकी मदद कर सकती है, लेकिन अंत में आपको खुद पर ही भरोसा करना होगा। तभी आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकेंगे।"