यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के बल्लेबाज आसिफ खान पर बैन सब्सटेंस के लिए पॉजिटिव टेस्ट के बाद सभी क्रिकेट गतिविधियों में शामिल होने पर 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसकी घोषणा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने गुरुवार को की।
36 साल के आसिफ ने 8 सितंबर, 2025 को आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन टेस्ट के बाद आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 को तोड़ने की बात मानी, जिसमें मेस्ट्रोलोन का मेटाबोलाइट पाया गया था। आर्टिकल 2.1 में बताया गया है कि एंटी-डोपिंग उल्लंघन तब होता है जब किसी क्रिकेटर के यूरिन या ब्लड सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाते हैं।
आईसीसी ने अपने बयान में कहा, "आसिफ ने आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 का उल्लंघन माना और वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के साथ हुए केस रेजोल्यूशन एग्रीमेंट (मामला निपटारा समझौता) के तहत 15 महीने की अयोग्यता स्वीकार की।"