महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में तूफानी बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने संजू सैमसन के दो बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे बड़े सिक्स हिटर बन गए।
आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। बुधवार (4 फरवरी) को हरारे में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इस 14 वर्षीय बल्लेबाज़ ने विस्फोटक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 33 गेंदों में 68 रन ठोक दिए।
अपनी इस तूफानी पारी के दौरान वैभव ने चार गगनचुंबी छक्के जड़े, जिसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में अपने कुल छक्कों की संख्या 15 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने संजू सैमसन और गौरव धीमान के 12-12 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ का रिकॉर्ड अपने नाम किया।