India vs England U-19 World Cup 2026 Final Highlights: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड पर पूरी तरह दबदबा बनाया। वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ शतक ने मैच की दिशा पहले ही तय कर दी। 400 से ज्यादा रन के विशाल स्कोर के दबाव में इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटकते हुए वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अंत में भारत ने 100 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर छठी बार खिताब अपने नाम किया।
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार (6 फरवरी) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और खिताबी मुकाबले में इतिहास रच दिया।
भारत को शुरुआत में एरॉन जॉर्ज के रूप में पहला झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 142 रन की शानदार साझेदारी हुई। सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी रही।