Virat Kohli Breaks Rahul Dravid Record: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का कारनामा किया।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल 30 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद तीसरे नंबर पर विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे।
कोहली को इस मैच से पहले इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ चार रन की जरूरत थी। उन्होंने पारी के 9वें ओवर में 4 गेंदें खेलने के बाद इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला और इसी के साथ यह बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।