Kyle Mayers Run Out Video: वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर काइल मेयर्स (Kyle Mayers) कैरिबयन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) में SKN Patriots के लिए खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में उन्हें Barbados Tridents के खिलाफ बल्लेबाज़ी के दौरान किस्मत से ऐसा धोखा मिला कि वो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े-खड़े ही आउट हो गए। काइल मेयर्स के रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ये घटना SKN पैट्रियट्स की पारी के 11वें ओवर में घटी। बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए ये ओवर हरफनमौला खिलाड़ी शेरफेन रदरफोर्ड करने आए थे जिनकी दूसरी गेंद पर वेल सेट बैटर जॉनसन चार्ल्स ने सामने की तरफ तीर जैसा शॉट मारा। यहां शेरफेन रदरफोर्ड ने भी फुर्ती दिखाई और फॉलो-थ्रू में कैच पकड़ने की कोशिश की।
ध्यान दें कि शेरफेन रदरफोर्ड कैच पकड़ने की अपनी कोशिश में सफल नहीं हुए, लेकिन इसी बीच वो गेंद उनकी उंगली से टकराकर सीधा नॉन-स्ट्राइकर की स्टंप्स से टकरा गई। उस समय काइल मेयर्स क्रीज से काफी बाहर थे और ऐसे उन्हें 27 गेंदों पर 29 रन के निजी स्कोर पर अनलकी तरीके से अपना विकेट खोना पड़ा। CPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।