Sanju Samson And Rinku Singh Funny Video: भारतीय टीम के विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन (Sanju Samson) ने बीते रविवार, 01 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज (IND vs WI) के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की शानदार पारी खेली और टीम इंडिया को एक बेहद ही महत्वपूर्ण मुकाबले में जीत दिलाई। गौरतलब है कि इसी बीच उनके साथ बीच मैदान पर एक मज़ेदार घटना घटी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरा नज़ारा तब देखने को मिला जब भारतीय इनिंग के दौरान रिंकू सिंह और कुलदीप यादव अपने साथी खिलाड़ी संजू सैमसन को पानी पिलाने के लिए मैदान पर आए थे। यहां कुलदीप के हाथों में पानी की बोतल थी, वहीं रिंकू तौलिया लेकर मैदान पर पहुंचे थे। गौर करें कि यहां जब संजू पानी पी रहे थे और तौलिया से अपना पसीना साफ कर रहे थे तब उनका बैट रिंकू ने अपनी बगल में दबा रखा था।
इसी बीच जब संजू वापस बैटिंग के लिए जाते है तब वो ये भूल ही जाते हैं कि उनका बैट रिंकू के पास है, वहीं दूसरी तरफ रिंकू भी संजू का बैट लेकर पवेलियन की तरफ चल देते हैं। हालांकि तभी संजू को याद आ जाता है कि उनका बैट तो रिंकू के पास ही रह गया है और वो उन्हें आवाज़ लगाकर अपना बैट मांगते हैं। आप ये मज़ेदार वीडियो नीचे देख सकते हो।