विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत की भिड़ंत पाकिस्तान के साथ हो रही है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही हरमनप्रीत कौर ने बतौर कप्तान बड़ी उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है।
हरमनप्रीत महिला टी20 इंटरनेशनल में 150 मैचों में कप्तानी करने वाली पहली कप्तान बन गई हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू का नाम है, जिन्होंने 121 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कप्तानी की है। वहीं, मेग लेनिंग 100 मैचों में कप्तानी करने के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने थाईलैंड को शिकस्त दी थी। इसके बाद भारत ने हांगकांग को एकतरफा मुकाबले में 137 रनों से रौंदा था। पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।