विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत की भिड़ंत शनिवार को पाकिस्तान से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी।
भारतीय टीम के लिए अब तक टूर्नामेंट में सब कुछ सही घटा है। थाईलैंड को पहले मैच में हराने के बाद टीम इंडिया ने हांगकांग, चीन को 137 रनों से रौंदा। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी शानदार फॉर्म में है। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी, जबकि शेफाली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।
हालांकि, टीम प्रतिका रावल, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा से भी इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। वहीं, ऋचा घोष टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं। हांगकांग के खिलाफ ऋचा को नंबर चार पर प्रमोट किया गया था। हालांकि, वह सिर्फ 11 रन ही बना सकी थीं।