विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से हराया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान से मिले 56 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से 3 विकेट खोकर 8.4 ओवर में हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा 6 गेंदों में 12 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। नंबर तीन पर प्रतिका रावल का फ्लॉप शो इस मैच में भी जारी रहा और वह 4 रन ही बना सकीं। स्मृति मंधाना भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और वह 9 रन बनाकर आउट हुईं।
हालांकि, इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने भारत को कोई और झटका नहीं लगने दिया और टीम को जीत दिलाई। हरमनप्रीत ने 18 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए, जबकि दीप्ति 14 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की तरफ से फातिमा सना ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।