आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में बुधवार को खेले गए 'ग्रुप-बी' के मुकाबलों में जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड को शिकस्त दी, जबकि बांग्लादेश ने थाईलैंड को हराया। इसी के साथ 'सुपर-6' में पहुंचने वाली सभी टीमों का फैसला भी हो गया। आइए, 'ग्रुप-बी' के मुकाबलों पर नजर डालते हैं।
जिम्बाब्वे बनाम नीदरलैंड: अजमान स्थित कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-बी' के इस मुकाबले को जिम्बाब्वे ने 33 रन से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 160 रन बनाए। केलिस न्धलोवु ने मोडेस्टर मुपाचिक के साथ पहले विकेट के लिए 12.5 ओवरों में 99 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
मुपाचिक 36 गेंदों में 4 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम को 109 के स्कोर पर केलिस के रूप में दूसरा झटका भी लग गया, जो 45 गेंदों में 6 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद बेलोवेद बीजा (नाबाद 28) ने न्याशा ग्वांजुरा (नाबाद 23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।