साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स मानते हैं कि भारतीय टीम में रोहित शर्मा जैसा अनुभवी खिलाड़ी होना टीम इडिया के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि दो बार की चैंपियन टीम आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी की दिशा में आगे बढ़ रही है।
दाएं हाथ के 39 वर्षीय ओपनर रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर में 288 मैच खेले हैं, जिसमें 48.95 की औसत के साथ 11,895 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 34 शतक और 62 अर्धशतक निकले। रोहित इस फॉर्मेट में 3 दोहरे शतक लगा चुके हैं। वह वनडे वर्ल्ड कप 2019 में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे और उन्होंने घरेलू मैदान पर खेले गए वर्ल्ड कप 2023 में भारत को उपविजेता (रनर-अप) बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
रोड्स ने 'जियोस्टार' से कहा, "आपको यह याद रखना होगा कि वर्ल्ड कप का अनुभव एक ऐसी चीज है जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हम खिलाड़ियों के टैलेंट, उनकी काबिलियत और उनके प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं। हो सकता है कि उन्होंने कोई शानदार पारी खेली हो या अच्छा सीजन बिताया हो, लेकिन जब दबाव वाले पलों की बात आती है, तो वर्ल्ड कप में दबाव बहुत ज्यादा होता है। खिलाड़ी शारीरिक रूप से तो खुद को संभाल सकते हैं, लेकिन मानसिक मजबूती एक ऐसी चीज है, जिसे हम अक्सर टीम चुनते समय ध्यान में नहीं रखते, लेकिन एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जिसने चार क्रिकेट वर्ल्ड कप खेले हैं और दो बार सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाया, मैं जानता हूं कि यह कितना तनावपूर्ण हो सकता है। इसलिए वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी होना बहुत बड़ी ताकत है।"