वूमेंस प्रीमियर लीग 2024 के एलिमिनेटर मैच में रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) ने एलिस पेरी के अर्धशतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 5 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ आरसीबी फाइनल में पहुंच गयी जहां उनका मुकाबला 17 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 135 रन का स्कोर टांगा। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 66(50) रन एलिस पेरी के बल्ले से निकले। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। जॉर्जिया वेयरहैम ने 10 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से 18* रन का योगदान दिया।
पेरी और वेयरहैम ने छठे विकेट के लिए 42 (26) रन की साझेदारी निभाई। ऋचा घोष ने 19 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाये। सोफी मोलिनेक्स ने 17 गेंद में एक चौके की मदद से 11 रन बनाये। पेरी और मोलिनेक्स ने 5वें विकेट के लिए 35 (35) रन जोड़े। नट साइवर-ब्रंट, सायका इशाक और हेले मैथ्यूज ने मुंबई की तरफ से सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए।