WTC Points Table 2025-27: ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार (13 अक्टूबर) को डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) की अंक तालिका में अपनी नंबर-1 की स्थिति और मजबूत कर ली है। वहीं, साउथ अफ्रीका को इस हार के कारण अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ा है और न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था, लेकिन मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की जीत में मैट रेनशॉ की शानदार बल्लेबाजी और जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। रेनशॉ ने पहली पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 190 रन बनाए थे, जबकि हेजलवुड ने साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में छह विकेट झटके।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खाते में 12 अंक और जुड़ गए हैं। टीम अब WTC 2025-27 की अंक तालिका में 81.81 प्रतिशत अंकों यानी PCT के साथ पहले स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा चक्र में अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 9 में जीत दर्ज की है, जबकि सिर्फ 2 में हार का सामना करना पड़ा है।