WPL 2026: हरमनप्रीत कौर और नेट साइवर ब्रंट ने ठोके अर्धशतक, मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को दिया 196 रनों का लक्ष्य
महिला प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार (10 जनवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया। हरमनप्रीत कौर और नेट साइवर…
महिला प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार (10 जनवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया। हरमनप्रीत कौर और नेट साइवर ब्रंट की बेहतरीन पारियों के दम पर मुंबई ने पहली पारी में 195 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को अमेलिया केर के रूप में शुरुआती झटका जल्दी लग गया, जो खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं। इसके बाद जी कमलिनी और नेट साइवर ब्रंट ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की। हालांकि जी कमलिनी 16 रन बनाकर आउट हो गईं।
एक छोर से नेट साइवर ब्रंट ने जिम्मेदारी संभाले रखी और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की अहम साझेदारी की। साइवर ब्रंट ने 46 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे टीम को मजबूत आधार मिला।
यहां देखें Live Scorecard
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक अंदाज अपनाया और 42 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से नंदनी शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 2 विकेट झटके। वहीं श्री चरणी और चिनेल हेनरी को 1-1 सफलता मिली। अब दिल्ली कैपिटल्स के सामने मुकाबले में जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य है।
टीमें इस मैच के लिए
दिल्ली कैपिटल्स महिला (प्लेइंग इलेवन): शेफाली वर्मा, लोरा वोलवार्ड, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), लिजेल ली (विकेटकीपर), मारिज़ाने कैप, निकी प्रसाद, चिनेल हेनरी, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।
मुंबई इंडियंस महिला (प्लेइंग इलेवन): अमेलिया केर, जी कमलिनी (विकेटकीपर), नेट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), निकोला केरी, सजीवन सजना, अमनजोत कौर, पूनम खेमनार, त्रिवेणी वशिष्ठ, शबनीम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता।