आईपीएल 2024 से पहले, आईपीएल से जुड़ी, जिस स्टोरी की सबसे ज्यादा चर्चा रही वह है रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान के तौर पर हटाना। वे ट्रेड के जरिए गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या को ले आए और सीधे कप्तान बना दिया। आम तौर पर ये फैसला किसी को भी पसंद नहीं आया और इसकी आलोचना हुई। ठीक है बुरा तो लगेगा क्योंकि न सिर्फ रोहित शर्मा भारत के कप्तान हैं- खुद मुंबई ने उनकी कप्तानी में 5 आईपीएल टाइटल जीते।
हैरानी है किसी ने भी इस मौके पर ये याद नहीं किया कि खुद रोहित शर्मा कैसे कप्तान बने थे मुंबई इंडियंस के? जो मुंबई इंडियंस ने अब रोहित शर्मा के साथ किया- वैसा वे पहले भी कर चुके हैं और इसीलिए जो इस टीम के काम करने की स्टाइल को जानते हैं, उन्हें मौजूदा किस्से पर कतई हैरानी नहीं हुई।
इस स्टोरी के लिए सीधे आईपीएल के पहले सीजन पर चलते हैं। 2007 में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता और उसकी चमक का युवा रोहित शर्मा को भी फायदा हुआ और नीलाम में डेक्कन चार्जर्स (अब ये टीम नहीं खेलती) ने उन्हें 3 करोड़ रुपये (750,000 डॉलर) में खरीदा। एडम गिलक्रिस्ट इस टीम के कप्तान थे और बड़े प्रभावित थे रोहित शर्मा से। 'कप्तान' के तौर पर ग्रूम करना शुरू कर दिया। रोहित शर्मा का दिल तो बहरहाल मुंबई में था और उनकी चाह भी पूरी हो गई- मुंबई इंडियंस ने 2011 में मेगा-नीलामी में रोहित पर 20 लाख डॉलर (9.20 करोड़ रुपये) खर्च कर दिए। मजे की बात ये है कि इस वक्त तक रोहित शर्मा टॉप फॉर्म में नहीं थे और 2011 वर्ल्ड कप टीम में भी नहीं चुना था। तब भी, मुंबई इंडियंस ने भविष्य देखा और अपने शहर का ही कोई मिल जाए- इससे बेहतर और क्या हो सकता था?