तेलंगाना गोलकुंडा मास्टर्स 2026 का आयोजन 1 से 4 सितंबर के बीच हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन (एचजीए) में होगा, जिसमें 132 गोल्फर हिस्सा लेने जा रहे हैं। इसका आयोजन भारत में पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक मान्यता प्राप्त संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) करेगी। इस टूर्नामेंट को तेलंगाना टूरिज्म और हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन का सहयोग प्राप्त है।
इसे तेलंगाना टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन (एचजीए) की तरफ से बढ़ावा दिया गया है। यह 212 एकड़ का एरिया 18-होल, 6017-यार्ड, पार-70 ले-आउट वाला है, जिसमें फ्लड-लिट ड्राइविंग रेंज, प्रो शॉप, गोल्फ फिटिंग शॉप और ट्रेनिंग व प्रैक्टिस की सुविधाएं भी शामिल हैं। यहां डाइनिंग हॉल, लाउंज, ओपन डेक, चेंज रूम और ट्रेंड स्टाफ के साथ एक मॉडर्न क्लबहाउस भी मौजूद है।
हिस्सा लेने वाले टॉप भारतीय प्रोफेशनल्स में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के लीडर सप्तक तलवार, हनी बैसोया, वीर अहलावत, राशिद खान, अक्षय शर्मा और ओम प्रकाश चौहान जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।