अहमदाबाद में रविवार को होने वाली 10वीं अदाणी अहमदाबाद मैराथन (एएएम) के लिए तैयार है, जिसमें 32,000 से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। इस साल की मैराथन में चार कैटेगरी होंगी, जिनमें फुल मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ शामिल होंगी।
इस बार मैराथन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स ग्लोबल कैलेंडर' में शामिल किया गया है, जिससे इसमें किए गए प्रदर्शन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग' में जगह मिल सकेगी। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की तरफ से आयोजित यह खास संस्करण, 'रन फॉर आवर सोल्जर्स' थीम के तहत पूरे देश के धावकों को एक साथ लाएगा। यह थीम भारत के सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को सम्मान देने के लिए है।
शुक्रवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में आयोजकों, अहमदाबाद सिटी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने रेस के दिन की तैयारियों के बारे में बताया। इसमें सुरक्षा, रूट मैनेजमेंट, ट्रैफिक डायवर्जन और मेडिकल सपोर्ट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।