भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को एक वर्चुअल प्रस्तुतीकरण के जरिए 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का विजन और प्रस्तावित रोडमैप अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने रखा।
भारत की नेशनल ओलंपिक कमेटी (एनओसी) की ओर से भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा, सीईओ रघुराम अय्यर और आईओए एथलीट्स कमीशन की चेयरपर्सन पीवी सिंधु ने यह प्रस्तुति दी। इस दौरान भारत से आईओसी सदस्य नीता अंबानी भी मौजूद रहीं।
इस प्रस्तुतीकरण में अहमदाबाद की तैयारियों को शामिल किया गया, जिसमें खेल बुनियादी ढांचा और शहर, राज्य तथा केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा आईओए को दिए जा रहे सहयोग के बारे में बताया गया। इसके अलावा इसमें बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने का भारत का अनुभव, प्रस्तावित स्थान विकास योजनाएं और इन खेलों के आयोजन के लिए दीर्घकालिक विजन को भी शामिल किया गया।