मयंक चक्रवर्ती ने बुधवार को मुंबई के आईटीसी मराठा शेराटन में 'ओपन', जबकि प्रतीति बोरदोलोई ने 'गर्ल्स कैटेगरी' के खिताब जीतकर 'एशियन जूनियर क्लासिकल चेस चैंपियनशिप 2026' में भारत के लिए एक यादगार 'डबल' जीत हासिल की।
टॉप सीड मयंक ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए नौ राउंड की ओपन चैंपियनशिप में 7.5 प्वाइंट्स के साथ प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल हासिल किया। रूस के आर्टेम पिंगिन ने सात प्वाइंट के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि भारत के दक्ष गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.5 प्वाइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
प्रतीति ने नौ राउंड में 7.5 प्वाइंट के साथ गर्ल्स चैंपियनशिप जीतकर भारत के लिए 'गोल्डन डबल' हासिल किया। कजाकिस्तान की मारिया खोल्यावको सात प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और सिल्वर मेडल जीता; वह चैंपियन से सिर्फ आधा प्वाइंट पीछे रहीं। भारत की निवेदिता वीसी ने 6.5 प्वाइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।