भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में सरदार मिल्खा सिंह का नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। बंटवारे के समय पाकिस्तान से आकर भारत में बसने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करते हुए दुनिया के श्रेष्ठ धावकों में अपना नाम बनाने की मिल्खा सिंह की कहानी किसी भी व्यक्ति के लिए प्रेरणादायी है।
मिल्खा सिंह का जन्म 20 नवंबर 1929 को गोविंदपुरा, पाकिस्तान में हुआ था। 1947 में हुए बंटवारे के समय वे बेहद मुश्किल परिस्थिति में किसी तरह अपनी जान बचाकर भारत पहुंचे थे। मिल्खा सिंह भारत में आने के बाद सुरक्षित तो हो गए, लेकिन जीवन जीने का संकट था। जीवन चलाने के लिए उनके पास कोई आधार नहीं था। मिल्खा सिंह को दौड़ने का शौक बचपन से था, लेकिन इसमें करियर हो सकता है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।
बेहद बुरे हालात में शरणार्थी कैंपों में अपना जीवन व्यतीत कर रहे मिल्खा सिंह को नौकरी की तलाश थी। बचपन से दौड़ के प्रति उनकी ललक काम आई। वह 1951 में इसी दौड़ की बदौलत भारतीय सेना में भर्ती हुए। भर्ती के दौरान हुई क्रॉस-कंट्री रेस में वह छठे स्थान पर आए थे, इसलिए सेना ने उन्हें खेलकूद में स्पेशल ट्रेनिंग के लिए चुना। सिकंदराबाद के ईएसई सेंटर में ही उन्हें धावक के तौर पर अपनी प्रतिभा का पता चला और यहीं से एक पेशेवर धावक के रूप में उनके करियर की शुरुआत हुई। इस तरह जीवन चलाने के लिए सेना में भर्ती होने वाले मिल्खा सिंह को यहीं पर उनकी जिंदगी का लक्ष्य मिला।