भारतीय हॉकी में दिलीप तिर्की का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। लंबे समय तक भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले तिर्की फिलहाल हॉकी इंडिया के अध्यक्ष हैं और खेल को देश में मजबूती देने का काम कर रहे हैं।
दिलीप तिर्की का जन्म 25 नवंबर 1977 को ओडिशा के सुंदरगढ़ के सौनामारा गांव में एक आदिवासी परिवार में हुआ था। तिर्की को हॉकी विरासत में मिली है। उनके माता-पिता रेजिना और विन्सेन्ट तिर्की हैं, जो सीआरपीएफ के पूर्व हॉकी खिलाड़ी हैं। उनके जुड़वां छोटे भाई अनूप तिर्की और अजीत तिर्की भारतीय रेलवे के लिए खेलते हैं।
तिर्की ने 1995 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया। वह डिफेंडर के तौर पर खेलते थे। उन्होंने 1996 के अटलांटा, 2000 के सिडनी और 2004 के एथेंस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह देश के लिए कुल 412 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह तीन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र आदिवासी हॉकी खिलाड़ी हैं। 2002 में, तिर्की को टीम का कप्तान बनाया गया और वे स्वतंत्रता के बाद के युग में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी करने वाले पहले आदिवासी बने।