भारतीय रेसर कुश मैनी ने बीडब्ल्यूटी अल्पाइन एफ1 टीम के साथ एक और सफल फॉर्मूला 1 टेस्टिंग प्रोग्राम पूरा कर लिया है। ऑस्ट्रिया के प्रतिष्ठित रेड बुल रिंग सर्किट पर आयोजित इस दो दिवसीय टेस्ट में उन्होंने लगभग 200 लैप्स पूरे करते हुए करीब 850 किलोमीटर की ड्राइविंग की।
बीडब्ल्यूटी अल्पाइन एफ1 टीम के रिजर्व ड्राइवर का फॉर्मूला 1 कार के साथ यह हालिया अनुभव जैंडवोर्ट में हुए पिछले टेस्ट के बाद हुआ है। इससे समर ब्रेक के बाद मोंजा में एफआईए फॉर्मूला 2 में वापसी से पहले उनका मनोबल बढ़ा है।
मैनी ने टेस्टिंग प्रीवियस कार (टीपीसी) मशीन के साथ प्रोग्राम शुरू किया और बदलते मौसम के बीच पहले दिन 82 लैप पूरे किए। भारतीय ड्राइवर ने वेट, इंटरमीडिएट और सॉफ्ट टायरों का इस्तेमाल किया, क्योंकि सुबह ट्रैक गीला था और दिन चढ़ने के साथ मौसम शुष्क होता गया। उन्होंने दूसरे दिन 2025-स्पेसिफिकेशन वाली कार के साथ अपना प्रोग्राम जारी रखा; यही वह कार थी जिसे उन्होंने पिछले साल दिसंबर में अबू धाबी में आधिकारिक 'यंग ड्राइवर टेस्ट' के दौरान चलाया था।