15 वर्षीय भारतीय रेसिंग ड्राइवर आरोन मेहता ने मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में एफ4 इंडियन चैंपियनशिप के तीसरे राउंड की तीसरी रेस जीतकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ वह इस सीरीज के इतिहास में रेस जीतने वाले सबसे युवा ड्राइवर बन गए हैं।
अपनी इस उपलब्धि पर आरोन ने खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद शानदार है। उन्होंने कहा कि सबसे कम उम्र में रेस जीतने का रिकॉर्ड बनाना इस सफलता को और भी खास बना देता है।
सीरीज के पांचवें राउंड से पहले बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आईएएनएस से बात करते हुए, आरोन ने अपने सीजन और इस अहम जीत पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "जीतना बहुत महत्वपूर्ण था, मेरे आत्मविश्वास के लिए भी और बाकी ड्राइवरों के लिए भी। वे देखते हैं कि आरोन एक ड्राइवर है, जो चैंपियनशिप में मुकाबला कर रहा है और टक्कर देने में सक्षम है। मेरे लिए भी यह देखना बहुत जरूरी था कि मैं जीत हासिल कर सकता हूं।"