हॉकी इंडिया ने भुवनेश्वर में होने वाली एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-2023 के सीजन में स्पेन और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी डबल हेडर मैचों के लिए 22 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम का मंगलवार को ऐलान किया। भारत 28 अक्टूबर को अपना अभियान शुरू करने के लिए न्यूजीलैंड से भिड़ेगा और 30 अक्टूबर को स्पेन से मुकाबला करेगा। अगले सप्ताह, भारत 4 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलेगा और 6 नवंबर को स्पेन से वापिस भिड़ेगा।
सभी मैच प्रतिष्ठित कलिंगा हॉकी स्टेडियम में शाम 19:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे, जो जनवरी 2023 में सबसे प्रतिष्ठित एफआईएच ओडिशा हॉकी विश्व कप भुवनेश्वर-राउरकेला की मेजबानी करेगा।
भारतीय टीम का नेतृत्व कप्तान हरमनप्रीत सिंह करेंगे और अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह उनकी मदद करेंगे। टीम में मो. राहील मौसीन जैसे कुछ नए चेहरे देखेंगे, जो इस साल की शुरूआत में एफआईएच हॉकी 5 में भारत के विजयी अभियान का हिस्सा थे और एस कार्थी, जिन्होंने एशिया कप जर्काता में भारत के लिए अपना पहला टूर्नामेंट खेला था।