भारत की युवा पुरुष और महिला टीम मिस्र में होने वाले पहले एफआईएच यूथ हॉकी 5एस वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी। पुरुष टीम अपने अभियान का आगाज ब्राजील के खिलाफ करेगी, जबकि महिला टीम पहले मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगी। दोनों टीमें अपना पहला मुकाबला 9 दिसंबर को खेलेंगी।
मिस्र की राजधानी काहिरा 7 से 12 दिसंबर तक पहले एफआईएच यूथ हॉकी 5एस वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगी। इस टूर्नामेंट में दुनिया भर की 24 टीमें भाग लेंगी, जिनमें 12 पुरुष और 12 महिला टीमें शामिल हैं। यह हॉकी 5एस फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों के लिए आयोजित होने वाली पहली विश्व चैंपियनशिप होगी। पांच खिलाड़ियों वाले इस तेज रफ्तार फॉर्मेट की शुरुआत 2014 के यूथ ओलंपिक गेम्स में हुई थी। खास बात यह भी है कि यह इस आयु वर्ग का पहला एफआईएच विश्व स्तरीय टूर्नामेंट होगा।
भारत ने इस साल जुलाई में ओमान के मस्कट में हुई यूथ हॉकी 5एस एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के लिए क्वालीफिकेशन हासिल किया, जहां भारतीय युवा पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की की, तो महिला टीम ने सिल्वर मेडल जीता था।