फिट इंडिया के 100वें संडे ऑन साइकिल संस्करण का पुणे से नेतृत्व करेंगे खेल मंत्री मांडविया (फिट इंडिया के 100वें संडे ऑन साइकिल संस्करण का पुणे से नेतृत्व करेंगे खेल मंत्री मांडविया)
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया 29 नवंबर को पुणे में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 100वें संस्करण का नेतृत्व करेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन में लगभग 50,000 साइकिलिंग प्रेमी लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
देशव्यापी फिटनेस पहल का यह खास संस्करण 'इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स' (भारत ओलंपिक के लिए तैयार है) थीम के तहत मनाया जाएगा। यह ओलंपिक आंदोलन और खेल संस्कृति को मजबूत करने की भारत की कोशिशों को उजागर करेगा। इस आयोजन में देश भर की 100 प्रमुख जगहों पर 100 भारतीय ओलंपियन हिस्सा लेंगे, जबकि 'माई भारत' के सहयोग से हर जिले के युवा भी इस मुहिम से जुड़ेंगे।
मांडविया पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ से मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। यहां हजारों प्रतिभागी साइकिलिंग को बढ़ावा देने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए एक साथ जुटेंगे।