भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने रविवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में खेलों के विकास में योगदान देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की इच्छा जताई।
मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर सिंधु ने मुख्यमंत्री को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान उनके दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा, क्योंकि उनकी और उनके पति वेंकट दत्ता साई की शादी इसी राज्य में हुई थी।
सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सर, आपसे मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारे साथ समय बिताने और हमारा इतना गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद। राजस्थान मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा। वेंकट दत्ता साई और मेरी शादी यहीं हुई थी, और मेरी कुछ पसंदीदा तस्वीरें किशनगढ़ के खूबसूरत सफेद संगमरमर वाले परिसर में ली गई थीं।"