Fit India Sundays: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम में फिटनेस और खेलों में भारत की बढ़ती भागीदारी पर बात की। उन्होंने बताया कि 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत शुरू की गई 'संडे ऑन साइकिल' पहल ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों की हालिया उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई भी दी।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में बोलते हुए पीएम मोदी ने लोगों को साइकिलिंग को अपनी फिटनेस रूटीन का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस पहल की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में भी बात की, जिसे दिसंबर 2024 में शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा, "साइकिलिंग एक्सरसाइज के लिए एक बेहतरीन तरीका है। मुझे खुशी है कि फिट इंडिया के 'संडे ऑन साइकिल' ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। दिसंबर 2024 में इसकी शुरुआत के बाद आज तक कोई भी ऐसा रविवार नहीं रहा, जब इसका आयोजन न हुआ हो। 30 हजार से ज्यादा स्थानों पर करीब 37 लाख लोग इससे जुड़ चुके हैं।"