मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में पुरुषों की 50 किलोग्राम मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाले लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई को सम्मानित किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंफाल में सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई मुलाकात के दौरान, खेमचंद सिंह ने कोचों को प्रोत्साहित करने और उनका समर्थन करने के महत्व पर जोर दिया। इसके साथ ही सीएम ने राज्य में सफल खिलाड़ियों को तैयार करने में कोचों के महत्वपूर्ण योगदान को सराहा।
मुख्यमंत्री युमनाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "उनकी इस शानदार उपलब्धि ने मणिपुर का मान बढ़ाया है और हमारे युवाओं को प्रेरित किया है। मैंने उन्हें राज्य सरकार की तरफ से निरंतर समर्थन का भरोसा दिलाया है और भविष्य में और भी बड़ी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अंबेकर, आपने मणिपुर को गौरवान्वित किया है। मैंने उन्हें देश और मणिपुर का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी, उनके अनुशासन और लगन की तारीफ की जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, राज्य सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।"