युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने मेरा युवा भारत (माय भारत) के जरिए चलाए जा रहे 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस अभियान के नौवें सप्ताह में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के विभिन्न ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताएं और पड़ोस युवा संसद आयोजित की गईं।
जहां खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया गया, वहीं पड़ोस युवा संसदों के जरिए युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन और इसकी लत की रोकथाम के उपायों पर सुव्यवस्थित चर्चा में शामिल किया गया। 15 नवंबर की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से नशामुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में कुल 429 कार्यक्रमों के अंतर्गत 1,039 गतिविधियों का आयोजन कर 81,622 युवाओं और नागरिकों को संगठित किया गया।
ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के समूह का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया गया, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों और गांवों के युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस पहल ने जमीनी स्तर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान किया। साथ ही, इसके माध्यम से शारीरिक फिटनेस, टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया। इस दौरान कुल 370 खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके अंतर्गत 851 गतिविधियां संचालित की गईं और इनमें 75,220 युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।