इजरायल फुटबॉल टीम के हेड कोच रैन बेन शिमोन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इजरायल फुटबॉल एसोसिएशन (आईएफए) ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। यूईएफए नेशंस लीग में टीम का अभियान काफी निराशाजनक रहा था, जिसमें इजरायल लीग बी, ग्रुप 3 में सबसे निचले स्थान पर रहा।
बेन शिमोन का इस्तीफा, मंगलवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ खेले गए ग्रुप चरण के आखिरी मैच के एक दिन बाद आया है, जो 1-1 से ड्रॉ रहा था। इजरायल ने अपने छह मुकाबलों के अभियान को चार अंकों के साथ समाप्त किया और वे ऑस्ट्रिया, रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड और कोसोवो से पीछे रहे।
प्रतियोगिता के 2024/25 संस्करण में लीग ए में खेलने वाली इजरायली टीम को अब लीग बी में अपनी जगह बनाए रखने के लिए प्लेऑफ खेलना होगा। समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली प्रसारक एन12 ने बताया कि 1965 के बाद यह पहली बार है जब राष्ट्रीय टीम किसी प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में एक भी मैच नहीं जीत सकी। मई 2024 में राष्ट्रीय टीम की कमान संभालने वाले बेन शिमोन, इजरायल को 2026 फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराने में भी असफल रहे।