ओलंपिक और वर्ल्ड ट्रायथलॉन चैंपियन जॉनी ब्राउनली ने 36 साल की उम्र में खेल से संन्यास की घोषणा की है। इसी उम्र में ब्राउनली के बड़े भाई एलेस्टेयर ब्राउनली ने भी रिटायरमेंट का ऐलान किया था।
छह बार के वर्ल्ड चैंपियन और मिक्स्ड टीम इवेंट में ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने वाले ब्राउनली ने कहा कि संन्यास की पुष्टि करने से पहले वह कुछ समय से इस बारे में सोच रहे थे। 'बीबीसी स्पोर्ट' के अनुसार, जॉनी ने कहा, "मैं कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था। मैंने उससे कहीं ज्यादा हासिल किया है जितना मैंने कभी सोचा था। एक बात जिस पर मुझे सच में गर्व है, वह यह है कि हमने ओलंपिक मेडल जीतने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से खुद को समर्पित किया। अब मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसा और कर सकता हूं। प्रोफेशनल खेल के लिए तो यह खत्म हो गया है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि आप कभी सच में पूरी तरह रुकते हैं।"
जॉनी ने 2012 लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज और 2016 रियो में व्यक्तिगत सिल्वर मेडल जीता था। आखिरकार 2020 टोक्यो गेम्स में मिक्स्ड रिले में वह गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे थे। ब्रिटिश खिलाड़ी ने कहा कि उनके बच्चे के जन्म ने उन्हें संन्यास के फैसले के बारे में स्पष्टता दी।