ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। भारत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने फ्लू से बचने के लिए भारतीय एथलीटों से सफाई का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है।
आईएएनएस से बात करते हुए डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने कहा कि फ्लू से बचने के लिए भारतीय दल के सभी सदस्यों को साफ-सफाई का कड़ाई से पालन करना चाहिए। एथलीटों को निरंतर हाथ धोते रहना होगा। इससे संक्रमण का जोखिम कम होगा।
पारदीवाला ने डोपिंग पर कहा, "मुझे लगता है कि डोपिंग खेलों में एक बड़ी समस्या है। हमें इसे किसी भी तरह खत्म करना होगा। असल में, डोपिंग एक तरह की धोखाधड़ी है और भारतीय होने के नाते हम नहीं चाहेंगे कि हमारी पहचान धोखेबाजों के तौर पर हो। अक्सर ऐसा होता है कि कोई एक व्यक्ति गलत काम करता है और उस एक व्यक्ति की वजह से पूरे देश की बदनामी होती है।"