भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) से प्रतिष्ठित 'कैटेगरी-1' सर्टिफिकेशन मिला है। यह मध्य प्रदेश में ऐसा दर्जा पाने वाला यह पहला और देश का दूसरा स्टेडियम बन गया है। फिलहाल इस स्टेडियम का औपचारिक उद्घाटन होना बाकी है, लेकिन उससे पहले ही इसे यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिल गई है।
19 नवंबर से यहां 'महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी' का आयोजन होने जा रहा है, जो राज्य के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने इसे मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा, "यह मध्य प्रदेश खेल विभाग के लिए एक ऐतिहासिक पल है। नाथू बरखेड़ा राज्य का पहला और देश का दूसरा ऐसा हॉकी मैदान बन गया है, जिसे प्रतिष्ठित एफआईएच कैटेगरी-1 सर्टिफिकेशन मिला है। इससे पहले भारत में केवल हैदराबाद को ही यह मान्यता मिली थी।"