भारतीय पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने अपने खिलाड़ियों से जिम्मेदारी लेने और बेहतर प्रदर्शन करने को कहा है। रविवार को वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में होने वाले दूसरे इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
ऑकलैंड में खेले गए पहले फ्रेंडली मैच में भारत को 0-5 से हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में न्यूजीलैंड के लिए जेसी रान्डेल ने दो गोल किए, जबकि क्रिस वुड और लैचलान बेलीस ने एक-एक गोल किया। इसके अलावा, भारत के बिजॉय वर्गीज ने एक 'आत्मघाती गोल' (अपनी ही टीम के गोलपोस्ट में गोल) कर दिया था।
ऑकलैंड में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन को स्वीकार करते हुए जमील ने कहा कि तैयारी के दौरान टीम के सामने आई चुनौतियों के बावजूद, हार के लिए कोई बहाना नहीं चलेगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से क्राइस्टचर्च में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए कहा।